
विजय रथ यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 में भाजपा की हालत खराब है. इसी कारण चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में बढने और कटने वाले वोटरों के नाम की सूची जारी नहीं की है.
खबरी इंडिया, गोरखपुर।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के विजय रथयात्रा के तीसरा चरण शुरू किया। दो दिन रथ यात्रा में अखिलेश यादव गोरखपुर के साथ कुशीनगर के सभी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे।
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी विजय रथ यात्रा के रवाना होने के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 में भारतीय जनता पार्टी की हालत खराब है। इसी कारण चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में बढऩे और कटने वाले वोटरों के नाम की सूची जारी नहीं की है। चुनाव आयोग को सूची जारी करनी चाहिए ताकि हम जान सकें कि कौन से वोट बढ़े हैं और कौन से वोट कटे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को 2024 की चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्हें 2022 में जनता के सवाल का जवाब देना चाहिए। देश में महंगाई क्यों बढ़ी। पेट्रोल-डीज़ल के दाम क्यों बढ़े। किसानों की आय अब तक क्यों नहीं बढ़ी। प्रदेश के युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिले।
कुशीनगर के हाटा विधानसभा क्षेत्र के झांगा बाजार में विजय रथ से पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को बेचकर देश को भी निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। महंगाई से आम लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। प्रदेश के किसान अपनी उपज बेचने के लिए मारे मारे फिर रहे है। न खाद मिल रही है और न ही किसानों को गन्ना का बकाया मूल्य ही मिल रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ दिनों पहने मोदी जी कुशीनगर में एयरपोर्ट का उद्घाटन करने नहीं, बल्कि उसे बेचने के लिए देखने आए थे।
तय समय से चार घंटे विलंब से शाम करीब चार बजे समाजवादी विजय रथ लेकर झांगा बाजार सभास्थल पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा पर ही हमलावर रहे। उन्होंने कांग्रेस और बसपा पर कुछ नहीं बोला। विजय रथ से ही अपने 40 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है। भाजपा ने एयरपोर्ट, रेल सहित कई संस्थानों को निजी हाथों में बेचने का कार्य कर रही है।
कहा कि किसान धान बेचने के लिए खरीद केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। गन्ने का करोड़ों रुपये का भुगतान बाकी है। डीजल, पेट्रोल, सरसों के तेल, रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। केंद्र सरकार अपने उद्योगपति मित्रों की जेब भरने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार जा रही है। समाजवादी सरकार एक बार फिर आ रही है। सीएम योगी ने पांच वर्षों तक केवल धुआं उड़ाया है।
महंगाई का उठाया मुद्दा
समाजवादी विजय यात्रा में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को 2024 की चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्हें 2022 में जनता के सवालों के जवाब देना चाहिए। यूपी की जनता इन सवालों के जवाब चाहती है- महंगाई क्यों बढ़ी? पेट्रोल-डीजल के दाम क्यों बढ़े? किसानों की आय अब तक क्यों नहीं बढ़ी? युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिले?
अखिलेश ने कहा कि लॉकडाउन के समय को याद कीजिए, जब हमारे मजदूरों को महाराष्ट्र, गुजरात से पैदल चलकर आना पड़ा। कोरोना काल में अस्पतालों में लोगों को मदद की जरूरत थी। उस समय सरकार ने लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया था। अखिलेश यादव ने कहा कि ये सरकार जाने वाली है। इसे कोई रोक नहीं सकता। BJP सरकार ने लोगों को अपमानित किया है।
गोरखपुर-कुशीनगर फोरलेन जाम
अखिलेश यादव की विजय यात्रा से गोरखपुर-कुशीनगर फोरलेन जाम है। दोनों तरफ वाहन की लाइन लगी है। यात्रा को लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था पहले से नहीं की थी। इसी कारण सैकड़ों वाहनों फोरलेन पर फंसे हैं। अखिलेश यादव की विजय यात्रा में भी 500 से अधिक वाहन हैं।
पूर्व राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार को विदा करने का मन बना चुकी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिंद्र यादव और संचालन मजीबुल्लाह राही ने किया। इस दौरान रणविजय सिंह उर्फ मोहन, सत्यकाम पांडेय, छठ्ठू यादव, राकेश कुमार पांडेय, शैलेंद्र सिंह, बालकृष्ण मिश्रा सहित काफी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।
13 नवंबर के कार्यक्रम
- गोरखपुर एयरपोर्ट से 9 बजे निकलकर कुशीनगर के लिए प्रस्थान।
- रजही मोड़ से विजय रथ यात्रा की शुरुआत व स्वागत।
- जगदीशपुर में सभा व स्वागत।
- विधानसभा हाटा की सीमा में प्रवेश करते ही स्वागत व सभा झांगा बाजार (बकराबाद)।
- रामकोला विधानसभा के कप्तानगंज के DCF चौक पर स्वागत कार्यक्रम।
- खड्डा विधानसभा के पकड़ियार बाजार में स्वागत।
- नौरंगिया चौराहा पर स्वागत।
- पडरौना में महाराणा प्रताप चौक (बावली चौराहा) पर स्वागत व सभा।
14 नवंबर के कार्यक्रम
- कुशीनगर चौराहे पर स्वागत।
- फाजिलनगर में सभा व स्वागत।
- तमकुहीराज में स्वागत।
- किसान पी जी कालेज में सभा।
- गुलवारिया बाजार में स्वागत।
- कुशीनगर विधान सभा के कसया बाजार में मालती पाण्डेय से मुलाकात।