Russia Ukraine War : यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर नाटो कल करेगा शिखर सम्मेलन, जर्मनी ने कहा- पुतिन यूरोप में शांति को खतरे में डाल रहे हैं
Russia and ukraine war news in hindi: यूक्रेन पर आज सुबह रूस की ओर से हमला कर दिया गया. यूक्रेन की ओर से दावा किया गया कि उसके सैकड़ों लोग मारे गए हैं. बेलारूस ने भी यूक्रेन पर हमला कर दिया है.
लंबे तनाव के बाद रूस ने गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे यूक्रेन पर हमला बोल दिया। रूसी सैनिक अब यूक्रेन की राजधानी कीव में घुस चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 40 यूक्रेनी सैनिक और 10 नागरिक मारे जा चुके हैं। वहीं, यूक्रेन ने रूस के 50 सैनिकों को मारने और 6 फाइटर जेट्स-टैंक्स तबाह करने का दावा किया। रूस तीन तरफ से यूक्रेन पर हमले कर रहा है।
उधर, यूक्रेन में भारतीय राजदूत ने कहा है कि कीव में इंडियन एम्बेसी बंद नहीं होगी। यह पहले की तरह काम करती रहेगी। वहीं, विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन ने कहा- विदेश मंत्रालय यूक्रेन से छात्रों सहित लगभग 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है। यूक्रेन में हवाई क्षेत्र बंद है इसलिए भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
इधर, नई दिल्ली में यूक्रेन एम्बेसडर मीडिया के सामने आए और PM नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई। अमेरिका और यूरोपीय यूनियन (EU) भी सैन्य और आर्थिक हमले की तैयारी में जुट गए हैं। EU प्रेसिडेंट उर्सला ने कहा- रूस की इकोनॉमी को तबाह कर दिया जाएगा।
पुतिन का ऐलान और फौरन हमला
इसके पहले, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने नेशनल टेलीविजन पर हमले का ऐलान किया। कहा- रूस और यूक्रेन के बीच किसी ने भी दखल दिया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। उनका इशारा अमेरिका और NATO फोर्सेज की तरफ था। बयान के 5 मिनट बाद ही यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई प्रांतों में 12 धमाके हुए। कीव पर मिसाइल अटैक भी हुआ। वहां एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। इस कदम के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों के रेस्क्यू मिशन भी रोकना पड़ा। यूक्रेन गई एअरइंडिया की फ्लाइट डेंजर जोन अलर्ट के चलते लौट आई है।
हमला कहां और कैसा
यूक्रेन ने कहा- हम पर तीन तरफ से…रूस, बेलारूस और क्रीमिया बॉर्डर की ओर से हमला हुआ है। लुहांस्क, खारकीव, चेरनीव, सुमी और जेटोमिर प्रांतों में हमले जारी हैं। रूस की ग्राउंड फोर्सेस यूक्रेन में घुस गईं और वहां कई गांवों पर कब्जा कर लिया। रूस के कमांडो पैराट्रूपर्स यूक्रेन के मिलिट्री इंस्टॉलेशन्स के करीब उतरकर इनको अपने कब्जे में ले रहे हैं। यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस के 50 सैनिक मार गिराए हैं। इसके 6 फाइटर जेट्स और 4 टैंक्स तबाह कर दिए हैं।
UN में लिया जा सकता है रूस के खिलाफ फैसला
पुतिन ने ये ऐलान UNSC की बैठक की बीच किया है। यह बैठक रूस-यूक्रेन तनाव पर ही चल रही है, अब रूस पर कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया जा सकता है। US सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रियस ने कहा- कोल्ड वॉर खत्म होने के बाद पुतिन ने NATO को सबसे बड़ा तोहफा दे दिया है। इस खतरे की वजह से NATO फिर से एकजुट हो गया है। पुतिन रूस को महान बनाना चाहते है, लेकिन उन्होंने अपनी हरकत से NATO को फिर से महान बना दिया।
यूक्रेन में नेशनल इमरजेंसी की घोषणा
रूसी हमले के मद्देनजर यूक्रेन की संसद ने नेशनल इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। इमरजेंसी के ऐलान के साथ ही यूक्रेन ने अपने 30 लाख लोगों को तुरंत रूस छोड़ने के लिए कहा है। रूस ने बुधवार को यूक्रेनी बैंकों और रक्षा, विदेश, आंतरिक सुरक्षा जैसी अहम वेबसाइट पर साइबर अटैक किया। डिप्टी पीएम फेदोरोव ने कहा रूस को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
रूस के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों के एक बड़े पैकेज पर आज बनेगी सहमति- पीएम बोरिस जॉनसन
यूके के पीएम बोरिस जॉनसन ने कहा है कि मैं यूक्रेन के लोगों से इस दुख की घड़ी में कहता हूं, हम आपके साथ हैं. हम आपके और आपके परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं, हम आपके पक्ष में हैं. मैं ब्रिटिश लोगों से कहता हूं, हम अपने देश को सुरक्षित रखने के लिए सब कुछ करेंगे. इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा है कि आज, अपने सहयोगियों के साथ, हम रूसी अर्थव्यवस्था के लिए तैयार किए गए आर्थिक प्रतिबंधों के एक बड़े पैकेज पर सहमत होंगे. हमें सामूहिक रूप से रूसी तेल और गैस पर अपनी निर्भरता को भी कम करना चाहिए जिसके जरिए बहुत लंबे समय से पुतिन ने पश्चिमी राजनीति पर अपनी पकड़ बना ली है।
छात्रों सहित अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए सभी उपाय कर रही सरकार- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रूस-यूक्रेन संकट पर प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि हमारी सरकार छात्रों सहित अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए सभी उपाय कर रही है. भारत चाहता है कि शांति बनी रहे और युद्ध को बढ़ावा देने वाली कोई स्थिति पैदा न हो.
यूक्रेन को रूस से बचाने के लिए जो भी जरूरी होगा हम करेंगे- NATO
NATO महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा, ‘NATO यूक्रेन में रूस के आक्रमण की कड़े शब्दों में निंदा करता है. हम रूस से सैन्य कार्रवाई को तुरंत बंद करने और यूक्रेन से पीछे हटने का आह्वान करते हैं. लोकतंत्र हमेशा निरंकुशता पर हावी रहेगा. दमन पर हमेशा स्वतंत्रता की जीत होगी. हमारे पास अपने हवाई क्षेत्र की रक्षा के लिए 100 से अधिक जेट और उत्तर से भूमध्य सागर तक समुद्र में 120 से अधिक जहाज हैं. गठबंधन (यूक्रेन) को आक्रामकता (रूस) से बचाने के लिए जो भी जरूरी होगा हम करेंगे. आगे की स्थिति पर विचार करने के लिए NATO नेता कल बैठक करेंगे.’
केंद्र सरकार 18000 भारतीयों को यूक्रेन से निकालने के लिए उठा रही कदमः विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय यूक्रेन से छात्रों सहित लगभग 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है. चूंकि यूक्रेन में हवाई क्षेत्र बंद है, भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. केंद्र सरकार सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी. यह जानकारी विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने दी है.
अमेरिका: प्रेसिडेंट बाइडेन ने कहा- रूस के खिलाफ दुनिया को एकजुट हो जाना चाहिए। हम किसी भी कीमत पर दुनिया को तबाह नहीं होने देंगे। रूस ने खुद बातचीत का रास्ते बंद किए हैं।
EU : यूरोपीय यूनियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सला वान डेर लिन ने पहली बार सामने आकर रूस को खुली धमकी दी है। लिन ने कहा- अब जवाब देने का वक्त आ गया है। अब हम रूस की इकोनॉमी को टारगेट करेंगे। उसकी इकोनॉमी को इतना कमजोर कर देंगे कि वो मिलिट्री मॉर्डनाइजेशन तो क्या बहुत जरूरी चीजों के लिए भी तरस जाएगा। पूरे यूरोप में रूसी एसेट्स और बैंक अकाउंट्स फ्रीज किए जा रहे हैं। इस मामले में हम पूरी तरह अमेरिका और अपने दूसरे सहयोगियों की मदद कर रहे हैं।
NATO : नाटो के मिलिट्री चीफ ने कहा- यूक्रेन हमारे संगठन का सदस्य नहीं है। लिहाजा, हम उसकी सीधी सैन्य मदद नहीं कर सकते। लेकिन, इसके अलावा कई रास्ते हैं और यूक्रेन को इनके जरिए सहायता पहुंचाई जा रही है।
यूक्रेन की अपील : यूक्रेन के दिल्ली में एम्बेसेडर ने भारत के PM नरेंद्र मोदी से इस मामले में दखल देने की अपील की है। यूक्रेन के एम्बेसेडर ने कहा- भारत ने हमेशा सही बात का पक्ष लिया है। हम उम्मीद करते हैं कि प्राइम मिनिस्टर मोदी इस मामले को सुलझाने और हमारे लोगों की जान बचाने में मदद करेंगे। भारत और यूक्रेन के बीच पुराने रिश्ते हैं। प्रधानमंत्री मोदी का दुनिया में रसूख है। उन्हें पुतिन से बातचीत करना चाहिए।
यूक्रेन-रूस युद्ध से जुड़े अहम अपडेट्स…
- रूस-यूक्रेन विवाद में चीन एक बार फिर रूस के साथ खड़ा नजर आ रहा है। चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका और पश्चिमी देशों ने रूस पर जो प्रतिबंध लगाए हैं, उनका कोई मतलब नहीं है, क्योंकि इस तरह की हरकतों से विवाद हल होने के बजाय और बढ़ेगा।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने दो अहम ऐलान किए हैं। पहला- यूक्रेन अब रूस के साथ किसी तरह के डिप्लोमैटिक रिलेशन नहीं रखेगा। दूसरा- यूक्रेन के नागरिकों को जंग में हिस्सा लेना चाहिए। सरकार उनको हथियार मुहैया कराएगी।
- रूसी सेना ने दावा किया है कि यूक्रेन के सैनिक अहम बंकरों और बेस को छोड़कर भाग खड़े हुए हैं और इन पर अब रूस का कब्जा है। कुछ मिलिट्री बेस भी रूसी सैनिकों ने हथिया लिए हैं।
- रूस ने कहा- हमने यूक्रेन के एयरबेस और एयर डिफेंस को तबाह कर दिया है। पूर्वी यूक्रेन में दो गांवों पर कब्जा भी कर लिया है।
- न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि उसने लुहांस्क में 5 रूसी एयरक्राफ्ट और एक हेलिकॉप्टर मार गिराया है।
- यूक्रेन ने कहा- हम पर तीन तरफ से… रूस, बेलारूस और क्रीमिया बॉर्डर की ओर से हमला हुआ है। लुहांस्क, खारकीव, चेरनीव, सुमी और जेटोमिर इलाकों पर हमले जारी हैं।
- यूक्रेन से भारतीयों को लाने के लिए गई एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौट आई है। फ्लाइट को नोटिस टू एयर मिशन यानी NOTAM भेजा गया था। यानी फ्लाइट के दौरान खतरे की आशंका जाहिर की गई थी।
- यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू यानी वहां की कानून-व्यवस्था अब सेना ने अपने हाथ में ले ली है।
- यूक्रेन की राजधानी कीव में कई जगहों पर बम धमाके हुए हैं। कीव एयरपोर्ट को खाली कराया गया।
-
रूस के हमले के बीच यूक्रेन के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से पुतिन और हिटलर का कार्टून ट्वीट किया गया है। इसमें हिटलर मुस्कराते हुए पुतिन की तरफ देख रहा है और उनके गाल पर हाथ रखे हुए है। यूक्रेन की इस हरकत का सोशल मीडिया पर विरोध हो रहा है। ज्यादातर लोगों का कहना है कि यह वक्त राजनीतिक तौर पर तंज कसने का नहीं है। जंग शुरू हो चुकी है और कम से कम अब तो गंभीरता दिखाई जानी चाहिए।
तस्वीर यूक्रेन की राजधानी कीव में गुरुवार सुबह की है। वहां इस तरह का धमाका देखा गया है।फोटो उत्तर-पूर्व यूक्रेन के शहर खरकीव की है। यहां भी धमाके हुए हैं।रूस का दावा- यूक्रेनी शहर निशाना नहीं, सैन्य ठिकाने तबाह कर रहे हैं
यूक्रेन में मिसाइल अटैक और धमाकों के बीच रूस ने बयान जारी किया है। रूस ने कहा कि हमारे निशाने पर यूक्रेन के शहर नहीं है। हमारे हथियार यूक्रेन के सैन्य ठिकानों, एयरफील्ड, एयर डिफेंस फैसिलिटीज और एविएशन को तबाह कर रहे हैं। यूक्रेन की जनता पर कोई खतरा नहीं है।