
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जुही सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार में परेशान है। महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी आंदोलन कर रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आक्रोश को भाजपा झेल नहीं पाएगा। वर्ष 2022 में भाजपा का प्रदेश से सफाया हो जाएगा।
सपा नेत्री शनिवार को पार्टी कार्यालय पर पहुंची और उनके ठीक पीछे पिकअप पर लदी नाव भी पहुंच गई। कार्यकर्ताओं ने नाव को पिकअप से नीचे उतारा जिस पर बैठकर सपा नेत्री ने मीडियाकर्मियों से बातचीत की। एक सवाल पर कि वह नाव लेकर आई हैं तो उन्होंने कहा कि मीडिया ने ही लिखा था कि गोरखपुर में आएं तो नाव लेकर। इसीलिए नाव लेकर गोरखपुर आना पड़ा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर महानगर में पानी भरा हुआ है। शहर के लोगों को अपने घरों से निकलने के लिए नावों की जरूरत पड़ रही है। शहर में भी बाढ़ जैसी स्थिति है। इसी को ध्यान में रखकर वह निकली हैं। वह यहां जहां-जहां भी जाएंगी नाव उनके साथ रहेगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी बाढ़ में दिक्कतें उठानी पड़ रही है।
सपा नेत्री शनिवार को गोरखपुर पहुंची थीं। बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किए जाने के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई से लोग परेशान हैं। डीजल-पेट्रोल ही नहीं रसोई गैस की महंगाई से जनता तबाह है। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही है। लूट, हत्या और बलाल्कार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। भाजपा की सरकार केवल झूठ के सहारे चल रही है। भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक सपा सरकार के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को अपना बताकर खुद अपनी पीठ थपथपा रहे है।
जूही सिंह ने कहा कि महंगाई की मार सबसे अधिक महिलाएं झेल रही हैं। रसोई गैस के साथ ही हर सामान की कीमत इतनी अधिक हो गई कि किचेन का गणित गड़बड़ाने लगी है। महिलाएं इस सरकार की नीतियों-रीतियों से परेशान हैं और आक्रोशित भी। महिलाओं का यही आक्रोश भाजपा सरकार पर भारी पड़ेगा। भाजपा की सरकार के सफाए में महिलाओं की अहम भूमिका होगी।
सरकार को मुद्दों से कोई मतलब नहीं
पार्टी कार्यालय पहुंची सपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार को जनता की कोई चिंता नहीं है। यहां पर सड़कें तो हैं नहीं। यही वजह है कि उन्हें नाव लेकर आना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भयंकर समस्या है, मोहल्लों में पानी घुस गया है। कई लापता विधायकों के पोस्टर चिपक रहे हैं। शासन-प्रशासन और सरकार सब बेखबर है। क्योंकि उन्हें जनता के मुद्दों से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वर्चुअल कुछ कर रहे होंगे। प्रशासन से जनता को बहुत शिकायत है। हम आंदोलन करेंगे और कर रहे हैं।
संध्या को साइकिल सहित आर्थिक मदद की
इस दौरान उन्होंने बहरामपुर निवासिनी छात्रा संध्या निषाद को साइकिल और आर्थिक मदद दीं। उन्होंने कहा कि संध्या जैसी बेटी पर सबको गर्व है। सपा संध्या के साथ है। संध्या की पढ़ाई-लिखाई में सपा हर सम्भव मदद करेगी। इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी, जियाउल इस्लाम, अखिलेश यादव, राजमती निषाद, अवधेश यादव, रजनीश यादव, सुमन पासवान, मीना गुप्ता, विकास चंद यादव, रमेश यादव आदि मौजूद रहे।
Youtube Videos
















