• October 2, 2023
 बिहार विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने सवर्णो पर जताया भरोसा

बिहार। बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने कोटे की 12 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। भाजपा की ओर से जारी सूची में पार्टी ने अपने परंपरागत वोट बैंक सवर्णों पर ही भरोसा जताया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी प्रत्याशियों की सूची में पांच राजपूत समाज के है, जबकि 4 वैश्य, 2 भूमिहार और 1 ब्राह्मण समाज के लोग हैं।

08c43bc8-e96b-4f66-a9e1-d7eddc544cc3
345685e0-7355-4d0f-ae5a-080aef6d8bab
5d70d86f-9cf3-4eaf-b04a-05211cf7d3c4
2bee3301-ae1b-4f0f-9337-62d3f0fe40cf

भाजपा ने छह पुराने चेहरों पर फिर से विश्वास जताते हुए फिर से चुनावी मैदान में उतारा है जबकि तीन सीटिंग एमएलसी का टिकट काट दिया गया है। पार्टी ने सच्चिदानंद राय, आदित्य पांडेय और टुन्ना जी पांडेय का टिकट काट दिया है। वैसे, टुन्ना जी पांडेय पहले ही भाजपा छोड़ चुके हैं।

भाजपा ने संतोष सिंह, राजेश कुमार, रजनीश कुमार, नूतन सिंह (लोजपा से भाजपा में आई), दिलीप जायसवाल और अशोक अग्रवाल पर फिर से भरोसा जताया है।

भाजपा ने इस चुनाव में औरंगाबाद से दिलीप कुमार सिंह, रोहतास-कैमूर से संतोष सिंह, सारण से धर्मेन्द्र कुमार सिंह, सीवान से मनोज कुमार सिंह, गोपालगंज से राजीव कुमार, पूर्वी चंपारण से राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता, दरभंगा से सुनील चौधरी, समस्तीपुर से डॉ. तरुण कुमार, बेगूसराय-खगड़िया से रजनीश कुमार, सहरसा-मधेपुरा- सुपौल से नूतन सिंह, पूर्णिया-अररिया किशनगंज से डॉ. दिलीप जायसवाल व कटिहार से अशोक अग्रवाल प्रत्याशी बनाए हैं।

इस चुनाव के लिए मतदाता 4 अप्रैल को वोट डालेंगे जबकि 7 अप्रैल को मतों की गिनती की जाएगी। राजग में शामिल जदयू को 11 सीटें मिली है जबकि भाजपा के हिस्से 13 सीटें आई थी। भाजपा ने अपने कोटे की एक सीट सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोजपा को दे दी है।