खबरी इंडिया, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक कार्यों के सुचारू रूप से संचालन के लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो अजय सिंह एवं मुख्य नियंता ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक की। इसके साथ ही सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण की भी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विश्वविद्यालय के अंदर बाहरी लोगों के प्रवेश रोकने का खाका तैयार किया गया।
तय हुआ कि अधिष्ठाता छात्र कल्याण और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों की ओर से समय समय पर विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया जाएगा। इस दौरान विश्द्यार्थियों के आईडी कार्ड या शुल्क रसीद/चालान की कॉपी की जांच की जाएगी। अनावश्यक रूप से विश्वविद्यालय में घूमने वाले लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रो अजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में पठन पाठन की व्यवस्था को बनाए रखने में सभी का सहयोग आवश्यक है। आवश्यकता पडने पर सभी सदस्य मौके पर पहुंचे। समय समय पर राउंड लगाकर औचक जांच की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था को फैलने से रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का आईडी कार्ड जल्द ही तैयार हो जाएगा। छुट्टियों के बाद इसका वितरण किया जाएगा। चीफ प्रॉक्टर समेत प्रोक्टोरियल बोर्ड के सभी सदस्य मीटिंग में मौजूद रहे।