
जम्मू, (ब्यूरो)। रविवार देर रात से हो रही भारी बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ है। रामबन जिले के मगरकोट सहित कईं स्थानों पर भूस्खलन के चलते राजमार्ग यातायात के लिए बंद है। भूस्खलन के कारण बड़े-बड़े पत्थर चट्टानों से टूट कर मार्ग पर आ गिरे हैं जिस कारण बड़ी संख्या में वाहन राजामर्ग पर फंसकर रह गए हैं।
यातायात पुलिस रामबन की ओर से जानकारी दी गई है कि भूस्खलन वाले क्षेत्रों में तत्काल कर्मचारियों तथा मशीनों को काम पर लगा दिया गया है ताकि राजमार्ग पर यातायात जल्द शुरू किया जा सके।
बता दें कि रविवार को भी रामबन जिले के मगरकोट में भारी भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया था। हालाकि बीआरओ के कर्मचारियों तथा मशीनों के अथक प्रयासों से राजमार्ग को यातायात के लिए एकतरफ खोला गया था। इस दौरान मार्ग में फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास किया गया लेकिन एक बार फिर भूस्खलन के चलते राजमार्ग बंद होकर रह गया है। राजमार्ग बंद होने के चलते यात्रियों तथा जरूरी सामान ले जा रहे चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Youtube Videos
















